राँची। मौसम एक बार फिर अपना रुप बदल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, राँची और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान 200 मिमी तक बारिश दर्ज की जा सकती है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय मौसमी प्रणालियों के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा।
आईएमडी ने राँची, खूँटी, गुमला, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, धनबाद और गिरिडीह समेत 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने राँची, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में वज्रपात की आशंका जताई है। बारिश के बावजूद पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी बनी रह सकती है। यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की संभावना है।
राँची, दुमका, देवघर, जामताड़ा, साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा में बादल और बारिश के कारण मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की उम्मीद है।







