ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बड़ी सफलता, चोरी के पर्स के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बड़ी सफलता, चोरी के पर्स के साथ शातिर चोर गिरफ्तार
जमशेदपुर: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक शातिर चोर को चोरी किए गए पर्स के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने की।
मिली जानकारी के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसके पास से चोरी किया गया मनी पर्स बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सद्दाम उर्फ राजा बाबू (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कपाली क्षेत्र का निवासी बताया गया है।

जांच में पता चला कि आरोपी ने बीती रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में एक यात्री की जेब से मनी पर्स चोरी कर लिया था। संयुक्त टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी को चोरी के सामान सहित धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोहम्मद सद्दाम उर्फ राजा बाबू पहले भी चोरी के मामलों में तीन बार रेल थाना टाटानगर से जेल जा चुका है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं।
यह पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर एवं जीआरपी थाना प्रभारी के पर्यवेक्षण में आरपीएफ एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई। रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को देने की अपील की है।
रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन यात्री सुरक्षा आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई