जुगसलाई पुलिस ने हथियार खरीद-बिक्री गिरोह का किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
लोडेड देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद, पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले की जुगसलाई थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक लोडेड देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई क्षेत्र में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित रेलवे पुल के नीचे पिलर के समीप छापेमारी की। इस दौरान दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई निवासी 25 वर्षीय जाहिद हुसैन उर्फ विक्की तथा रहतो पाड़ा रोड, जुगसलाई निवासी 19 वर्षीय मो. रेहान हुसैन के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नदी किनारे रेलवे पुल के नीचे स्थित झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक लोडेड देशी पिस्तौल बरामद की। बरामद हथियार के साथ एक 7.65 एमएम का जिंदा कारतूस भी मिला।
इस संबंध में जुगसलाई थाना कांड संख्या 44/26 दिनांक 4 जून 2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी जाहिद हुसैन उर्फ विक्की का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ जुगसलाई थाना में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह अवैध हथियार सप्लायरों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के बीच संपर्क स्थापित कर हथियार उपलब्ध कराने का काम करता था।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि एक देशी पिस्तौल की कीमत 40 हजार से 60 हजार रुपये तक वसूली जाती थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अब तक कितने हथियारों की खरीद-बिक्री की गई और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बरामद सामान
एक लोहे का देशी पिस्तौल
एक 7.65 एमएम का जिंदा कारतूस
दो मोबाइल फोन
गिरफ्तार आरोपी
जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25 वर्ष), निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई
मो. रेहान हुसैन (19 वर्ष), निवासी रहतो पाड़ा रोड, जुगसलाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे हथियार सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है।




