रंगदारी नहीं देने पर जमीन मालिक पर फायरिंग, तीन राउंड गोली चलने से कपाली में दहशत

रंगदारी नहीं देने पर जमीन मालिक पर फायरिंग, तीन राउंड गोली चलने से कपाली में दहशत

जमशेदपुर:जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने जमीन पर चारदीवारी निर्माण करा रहे एक व्यक्ति पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। घटना में वह बाल-बाल बच गए, हालांकि एक गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे उन्हें हल्की चोट आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।
घटना कपाली ओपी क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 स्थित इस्लामनगर मजार के पीछे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या-20 निवासी अफसर नवाज अपनी निजी जमीन पर चारदीवारी निर्माण का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान 8 से 10 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने उनसे रंगदारी की मांग की। अफसर नवाज द्वारा रंगदारी देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने अचानक हथियार निकाल लिया और अफसर नवाज को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली सड़क पर जा गिरी। तीसरी गोली भी उन्हें नहीं लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
अचानक हुई गोलीबारी से निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। घायल अफसर नवाज का प्राथमिक उपचार कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फायरिंग और रंगदारी मांगने में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई