जमशेदपुर पुलिस ने गोलमुरी थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई गोलीबारी की दो घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्तौल, गोली तथा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोलमुरी थाना कांड संख्या-60/2026 एवं कांड संख्या-61/2026 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। 26 और 27 मई 2026 की रात नामदा बस्ती क्षेत्र में गोली चलाने की घटनाओं के बाद पीड़ितों के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) पूर्वी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में विक्की सिंह गिल उर्फ कुंडी (28 वर्ष), रविन्द्र कुमार ठाकुर (26 वर्ष), बलराम सिंह उर्फ छोटू (29 वर्ष) तथा अमन सिंह (29 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विक्की सिंह गिल उर्फ कुंडी को इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है। उसे इससे पूर्व चर्चित कन्हैया यादव हत्याकांड मामले में भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका है। वर्तमान में वह भी न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गोलीबारी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर एक लोडेड पिस्तौल, एक जिंदा गोली तथा घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को गोलमुरी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।





