जल संरक्षण का संदेश देते हुए मनाया गया जल महोत्सव, 100 घड़े, 100 पौधे और 100 सीकोड़ों का वितरण
जमशेदपुर: बढ़ती गर्मी और संभावित जल संकट को देखते हुए जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच जमशेदपुर शाखा एवं आकृति व्हील्स कालीमाटी शाखा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को “जल महोत्सव” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जल संरक्षण का संदेश देते हुए 100 घड़ों, 100 पौधों तथा बेजुबान पक्षियों के लिए पानी रखने हेतु 100 सीकोड़ों (जल पात्रों) का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मारवाड़ी युवा मंच जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष युवा प्रकाश बजाज ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर चुनौती बनकर उभर रहा है, ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जल बचाने के लिए आगे आना होगा।
समाजसेवी अशोक गोयल एवं मनोज सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि यदि आज जल संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा जल स्रोतों को संरक्षित रखने की अपील की।
आकृति व्हील्स कालीमाटी शाखा की अध्यक्ष बेबी अग्रवाल ने कहा कि उनकी शाखा पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को लगातार आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि पौधों के वितरण के साथ-साथ आगामी वर्षा ऋतु में व्यापक पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी और हरियाली को बढ़ावा मिलेगा।
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के निवर्तमान अध्यक्ष युवा अरुण गुप्ता एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष युवा मोहित मुनका ने कहा कि जल महोत्सव का उद्देश्य केवल सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग तक जल संरक्षण का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, जल स्रोतों की सुरक्षा करने तथा पानी की बर्बादी रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समाजसेवी अशोक गोयल, मनोज सिंह, प्रभा पाड़िया, युवा अरुण गुप्ता, युवा अश्विनी अग्रवाल, युवा मोहित मुनका सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन जमशेदपुर शाखा के सचिव युवा हेमंत गुप्ता ने किया। अंत में उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने के साथ-साथ लोगों को पर्यावरण और जल संरक्षण के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




