शहर के जसराज का चयन ‘जमशेदपुर स्टीलर्स’ टीम में
जमशेदपुर : शहर के प्रतिभाशाली ऑलराउंडर जसराज सिंह खनुजा को झारखंड टी-20 लीग के उद्घाटन सत्र के लिए जमशेदपुर स्टीलर्स टीम में शामिल किया गया है. झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) और एसजे अपलिफ्ट द्वारा 30 मई को आयोजित खिलाड़ी नीलामी के बाद फ्रेंचाइजी ने अपनी 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की. टीम में अनुभवी खिलाडिय़ों और युवा प्रतिभाओं का संतुलित मिश्रण रखा गया है, जो 10 जून से शुरू होनेवाले टूर्नामेंट के लिए पूरी तैयारी में जुटी हुई है.
जसराज सिंह खनुजा टीम की प्रमुख स्थानीय प्रतिभाओं में से एक हैं. उन्हें उनके आक्रामक खेल और बल्लेबाजी व गेंदबाजी दोनों में योगदान देने की क्षमता के लिए जाना जाता है. टीम प्रबंधन के अनुसार, जसराज दबाव में भी बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम हैं और मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं. उनके शामिल होने से टीम को स्थानीय पहचान और मजबूती दोनों मिली है. टीम मालिकों और प्रबंधन ने कहा कि यह टीम बेहतर रणनीति और स्पष्ट सोच के साथ तैयार की गई है. उनका मानना है कि टीम जमशेदपुर और झारखंड की मेहनत, अनुशासन और जुनून को मैदान पर दर्शाएगी. ज्ञात हो कि झारखंड टी20 लीग 10 से 23 जून तक आयोजित होगी.




