झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा 29 और 30 मई को राज्य के सभी जिलों के एसएसपी, एसपी, रेंज आईजी, डीआईजी और मुख्यालय के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगी।
यह बैठक झारखंड पुलिस मुख्यालय में आयोजित होगी, जिसके लिए विस्तृत एजेंडा और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
बैठक में कानून व्यवस्था, साइबर क्राइम, डकैती, लूट, चोरी, रंगदारी, अपहरण, आर्म्स एक्ट, अवैध मानव व्यापार और नक्सल गतिविधियों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी।
साथ ही 2025 से मार्च 2026 तक हुई बड़ी आपराधिक घटनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा भी की जाएगी।
समीक्षा बैठक में सीआईडी, स्पेशल ब्रांच, अभियान शाखा, जैप और झारखंड जगुआर द्वारा अलग-अलग विषयों पर पीपीटी प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
नए कानूनों, वर्तमान नक्सल परिदृश्य और सुरक्षा रणनीति पर भी चर्चा होगी।
इसके अलावा पॉक्सो एक्ट, महिला अत्याचार, दुष्कर्म, दहेज हत्या, डायन प्रतिषेध और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामलों की जांच, अभियोजन और पीड़ितों को मुआवजा देने की स्थिति की भी गहन समीक्षा की जाएगी।
बैठक में आगामी श्रावणी मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष रणनीति तैयार की जाएगी।
इसके लिए देवघर के एसपी को विशेष प्रस्तुतीकरण तैयार करने का निर्देश दिया गया है।






