गोलमुरी में पांच घंटे के भीतर दो जगह फायरिंग, 20 लाख रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी

गोलमुरी में पांच घंटे के भीतर दो जगह फायरिंग, 20 लाख रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी

Jamshedpur:जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बीती रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। महज पांच घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर कुल पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पहली घटना रात करीब 8 बजे नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे हुई, जहां अपराधियों ने फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। वहीं दूसरी घटना देर रात 12 बजकर 56 मिनट पर राज नामक व्यक्ति के घर के सामने हुई। इस दौरान अपराधियों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली राज की थार गाड़ी में जा लगी।
पीड़ित राज ने बताया कि घटना से पहले उनके मोबाइल पर एक धमकी भरा कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को कुंडी बताते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कॉलर ने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें कन्हैया यादव के पास “ऊपर पहुंचा दिया जाएगा।”
बताया जा रहा है कि इस पूरी घटना के पीछे जेल में बंद अपराधी बिल्ला पाठक का हाथ हो सकता है। वहीं अमन शेखर, कुंडी और वीर सिंह पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले गोलमुरी डीएसपी कार्यालय से कुछ दूरी पर कन्हैया यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में भी कुंडी का नाम सामने आया था और वह अब तक फरार बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन अपराधी घटनास्थल पर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से गोलमुरी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई