राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी उतारने का लिया फैसला, प्रदेश चुनाव समिति की बैठक

रांचीः राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशी खड़ा करने का निर्णय लिया है. आज सोमवार शाम भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुए प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहु के नेतृत्व में हुई इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद विद्युत वरण महतो, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, आरती सिंह, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, चुनाव समिति सदस्य रविंद्र राय, श्याम नारायण दुबे, गणेश तिवारी और बालमुकुंद सहाय उपस्थित रहे.

इस बैठक में सर्वसम्मति से एक सीट पर प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया गया. बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि झारखंड में दो राज्यसभा की सीटें जो रिक्त हो रही हैं उसके लिए चुनाव आयोग ने घोषणा कर दी है और जिसका नामांकन की तिथि 1 से 8 जून तक है और चुनाव 18 जून को है. बैठक में निर्णय लिया गया है कि पार्टी यह चुनाव लड़ेगी और अपने प्रत्याशी को हम न सिर्फ उतारेंगे, बल्कि प्रत्याशी हमारा विजयी भी होगा.

राज्यसभा प्रत्याशी पार्टी के कार्यकर्ता होंगे- अमर बाउरी

राज्यसभा चुनाव में भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा इस सवाल पर प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि हमारा प्रत्याशी पार्टी के कार्यकर्ता होगा. जेएमएम द्वारा चुनाव आयोग को लिखे पत्र के सवाल पर उन्होंने कहा कि चोर की दाढ़ी में तिनका, उल्टा चोर कोतवाल को डांटे जैसी बात जेएमएम कर रही है. आज गठबंधन की क्या हालात हैं, किसी से छिपा नहीं है.

राज्यसभा के निर्वाचन को लेकर के कांग्रेस-JMM में क्या चल रही है, किसी से छिपा नहीं है. उन लोगों को खुद ही अपने में एक सहमति नहीं है, जो 56 के वो दावे कर रहे हैं, वो 56 में 56 हैं क्या? उनके अंदर ही अंतर्कलह है. जेएमएम को झारखंड को बेचने का और खरीदने का पुराना अनुभव है वह दूसरों को ज्ञान न दें तो अच्छा है. हॉर्स ट्रेडिंग उन्हीं लोगों ने यहां पर इंट्रोड्यूस किया हुआ है. राज्यसभा में यहां क्या हुआ, झारखंड कलंकित हुआ, यह तो झारखंड मुक्ति मोर्चा का पुराना इतिहास रहा है.

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई