साकची पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, पांच बाइक बरामद
जमशेदपुर : साकची थाना पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बाइक चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की बाइक के नंबर प्लेट बदलकर तथा इंजन और चेचिस नंबर को खरोंचकर वाहनों की बिक्री करते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साकची थाना कांड संख्या-40/2026, दिनांक 20 मई 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। 20 मई को करीम सिटी कॉलेज के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की घटना हुई थी। घटना के बाद साकची थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक नगर, जमशेदपुर के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने शमशाद आलम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए अपने सहयोगी अरुण मुखर्जी का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई एक बाइक सहित कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे साकची थाना समेत शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उसे मॉडिफाई कर बेचने का काम करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में शमशाद आलम (23 वर्ष), पिता मो. इस्लाम, निवासी स्काई टच अपार्टमेंट, आजादनगर तथा अरुण मुखर्जी, पिता दिलीप मुखर्जी, निवासी समता नगर, मानगो शामिल हैं।
पुलिस ने जिन मोटरसाइकिलों को बरामद किया है उनमें हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (JH 05M 8546), हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (JH 05Q 8264), हीरो होंडा पैशन प्रो (JH 05BE 5485), हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर (JH 05BS 0273) तथा हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो (JH 01F 1394) शामिल हैं।
छापामारी दल में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव समेत कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।






