सात दिवसीय थिएटर आर्ट एंड क्राफ्ट वर्कशॉप का भव्य शुभारंभ
आज दिन रविवार संध्या 5:00 बजे सिदगोड़ा, जमशेदपुर स्थित टीटीपीए लाइब्रेरी हॉल में ऑल इंडिया थेटर काउंसिलएवं नीशान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय “थिएटर आर्ट एंड क्राफ्ट वर्कशॉप” का भव्य शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन ऑल इंडिया थिएटर काउंसिल के अध्यक्ष मोहम्मद नीजाम तथा निशान, जमशेदपुर के अध्यक्ष जयप्रकाश शुक्ला द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
ज्ञात हो कि यह कार्यशाला आगामी 30 मई 2026, दिन शनिवार तक चलेगी, जिसका समापन स्थानीय सेंटर फॉर एक्सीलेंस के सभागार में संध्या 6:00 बजे से आयोजित किया जाएगा। कार्य कर्म में लगभग 20 छात्र-छात्राएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। समापन समारोह के अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए आर्ट एंड क्राफ्ट का लाइव डेमो एवं प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
उद्घाटन के पश्चात निशान संस्था के महासचिव श्याम कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह अपनी तरह की एक अनूठी कार्यशाला है, जिसमें रंगमंच के पीछे होने वाले तकनीकी एवं रचनात्मक कार्यों की विशेष प्रशिक्षण व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला के निर्देशक प्रदीप रजक शहर के जाने-माने रंगकर्मी हैं तथा उन्हें आर्ट एंड क्राफ्ट के क्षेत्र में विशेष अनुभव प्राप्त है। उन्हें भारत सरकार द्वारा आर्ट एंड कल्चर के क्षेत्र में फैलोशिप भी प्रदान की जा चुकी है।
निशान संस्था के अध्यक्ष श्री जयप्रकाश शुक्ला ने कार्यक्रम की सफलता की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऑल इंडिया थिएटर काउंसिल के सहयोग से इस प्रकार की विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यशालाओं का आयोजन राज्य के विभिन्न जिलों में किया जाएगा।
इस अवसर पर ऑल इंडिया थिएटर काउंसिल के अध्यक्ष श्री मोहम्मद निजाम ने कार्यशाला की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिषद देश के विभिन्न राज्यों एवं जिलों में लगातार कार्यशालाएं, नाट्य महोत्सव तथा नाट्य प्रतियोगिताओं का आयोजन करती आ रही है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में आयोजित यह स्टेज क्राफ्ट का पहला वर्कशॉप है। साथ ही उन्होंने निशान संस्था को इस आयोजन हेतु बधाई देते हुए भविष्य में भी संयुक्त रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आशा व्यक्त की।
कार्यशाला के निर्देशक श्री प्रदीप रजक ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी सात दिनों के दौरान प्रतिभागियों के भीतर थिएटर आर्ट एंड क्राफ्ट के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभा एवं जिज्ञासाओं को निखारने का प्रयास किया जाएगा।
पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन श्री श्याम कुमार ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रवि कुमार,दशरथ हांसदा ,शैलेन्द्र कुमार,चंदन कुमार एवं अंकुर सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
संवाददाता सोहन साह





