एनटीएचए के दो कैडेट्स मेंस अंडर 18 एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल

एनटीएचए के दो कैडेट्स मेंस अंडर 18 एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल

जमशेदपुर, 21 मई 2026: नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) के दो कैडेट्स, आशीष तानी पूर्ति और प्रेमचंद सोय का चयन आगामी मेंस अंडर 18 एशिया कप 2026 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता काकामिगाहारा, जापान में आयोजित की जाएगी। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 29 मई से 6 जून तक आयोजित किया जाएगा।

यह अंतिम चयन हाल ही में 15 मई से 20 मई तक भोपाल में आयोजित भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया अंडर 18 द्विपक्षीय श्रृंखला के बाद हुआ है, जिसमें एनटीएचए के तीन कैडेट्स, जिनमें जयसन कंडुलना भी शामिल थे, प्रारंभिक 24 सदस्यीय संभावित टीम का हिस्सा बने थे। उस श्रृंखला के दौरान डिफेंस में आशीष और मिडफील्ड में प्रेमचंद के शानदार एवं उच्च स्तरीय प्रदर्शन ने भारतीय टीम में उनकी जगह पक्की कर दी।

 

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए एनटीएचए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने कहा, “एशिया कप के लिए भारतीय टीम की अंतिम 18 सदस्यीय टीम में आशीष और प्रेमचंद के चयन पर हमें बेहद गर्व है। उनका चयन हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई कठिन श्रृंखला में उनकी रणनीतिक सूझबूझ और शानदार प्रदर्शन का प्रत्यक्ष परिणाम है। हमारी अकादमी और झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए दोनों खिलाड़ियों ने अपनी असाधारण प्रतिभा तथा एनटीएचए में दिए जा रहे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण की गुणवत्ता को साबित किया है। हमें पूरा विश्वास है कि जापान में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने की मुहिम में वे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

 

जमशेदपुर स्थित नवल टाटा हॉकी अकादमी एक अत्याधुनिक हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर के रूप में कार्य कर रहा है, जो हॉकी प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें निखारने के लिए समर्पित है। पेशेवर कोचिंग, समग्र खेल विज्ञान और विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाओं के समन्वय के माध्यम से यह अकादमी भारतीय हॉकी के लिए भविष्य के अंतरराष्ट्रीय चैंपियनों की मजबूत आधारशिला तैयार कर रही है।

Leave a Comment