23 मई से चलेगी टाटानगर-आनंद विहार जनजाति दिवस स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी राहत
टाटानगर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा जनजाति दिवस के अवसर पर टाटानगर से आनंद विहार टर्मिनल तक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन की घोषणा की है। यह ट्रेन 23 मई से टाटानगर से रवाना होगी, जबकि वापसी में आनंद विहार टर्मिनल से 25 मई को चलेगी और 26 मई को टाटानगर पहुंचेगी।
दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक कार्यालय, गार्डेन रीच कोलकाता द्वारा जारी आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 08183/08184 टाटा-आनंद विहार-टाटा जनजाति दिवस स्पेशल ट्रेन (TOD) का परिचालन एक-एक फेरे के लिए किया जाएगा। इस ट्रेन में यात्रियों के लिए विशेष किराया लागू रहेगा।
रेलवे द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार ट्रेन संख्या 08183 टाटानगर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन 23 मई, शनिवार को रात 12:30 बजे टाटानगर स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन मार्ग में मुरी, बोकारो स्टील सिटी, गोमो, गया, डीडीयू (पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन), प्रयागराज और गोविंदपुरी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन अगले दिन यानी 24 मई को सुबह लगभग 3:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 08184 आनंद विहार-टाटानगर स्पेशल ट्रेन 25 मई की रात 1:45 बजे आनंद विहार टर्मिनल से खुलेगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए 26 मई को रात 12:15 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस विशेष ट्रेन के संचालन का मुख्य उद्देश्य गर्मी के मौसम और छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करना है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में काम करने वाले झारखंड और बिहार के हजारों लोग छुट्टियों में अपने घर लौटते हैं, जिससे नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग की समस्या उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें स्लीपर, जनरल और वातानुकूलित श्रेणी के डिब्बे शामिल रहेंगे, ताकि हर वर्ग के यात्रियों को यात्रा सुविधा मिल सके। ट्रेन के रखरखाव और सफाई की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
टाटानगर रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेन चलने की खबर सामने आने के बाद यात्रियों में खुशी का माहौल है। खासकर गर्मी की छुट्टियों में घर आने-जाने वाले यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से समय पर टिकट बुक कराने और यात्रा से पहले ट्रेन की समय सारणी की पुष्टि करने की अपील की है।






