शहरवासियों की सुविधा के लिए टीएमएच साथी हेल्पलाइन शुरू, अत्याधुनिक स्ट्रोक यूनिट से मिलेगी त्वरित इलाज की सुविधा

शहरवासियों की सुविधा के लिए टीएमएच साथी हेल्पलाइन शुरू, अत्याधुनिक स्ट्रोक यूनिट से मिलेगी त्वरित इलाज की सुविधा
जमशेदपुर : शहरवासियों को बेहतर, आधुनिक और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शनिवार को “टीएमएच साथी हेल्पलाइन” सेवा की शुरुआत की। इस हेल्पलाइन का उद्घाटन टीएमएच की जीएम डॉ. विनीता सिंह ने किया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे कार्य करेगी और मरीजों तथा उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराएगी।

अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डॉ. विनीता सिंह ने कहा कि टीएमएच लगातार अपने स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और जनहितकारी बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में नई तकनीकों और उन्नत चिकित्सा सुविधाओं को शामिल किया जा रहा है ताकि जमशेदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन मरीजों को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और त्वरित चिकित्सा सेवा देने के उद्देश्य से कई नई योजनाओं पर काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि “टीएमएच साथी हेल्पलाइन” शुरू होने से मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता, इलाज संबंधी जानकारी, आपातकालीन सहायता, जांच प्रक्रिया और अन्य जरूरी सेवाओं के बारे में आसानी से जानकारी मिल सकेगी। इससे मरीजों को अस्पताल आने से पहले ही आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त होगा और इलाज की प्रक्रिया अधिक सरल बन सकेगी।

डॉ. विनीता सिंह ने कहा कि आज के समय में स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक और त्वरित संचार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में हेल्पलाइन सेवा लोगों और अस्पताल के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल इलाज करना नहीं बल्कि मरीजों को बेहतर अनुभव और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना भी है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस नई पहल को मरीजों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
टीएमएच में अत्याधुनिक स्ट्रोक यूनिट की भी शुरुआत

इसी क्रम में टाटा मेन हॉस्पिटल में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नई स्ट्रोक यूनिट की शुरुआत भी की गई है। मार्च 2025 में उद्घाटित इस विशेष यूनिट का मुख्य उद्देश्य स्ट्रोक पीड़ित मरीजों को समय पर बेहतर और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराना है। अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि इस यूनिट के शुरू होने से गंभीर मरीजों की जान बचाने में काफी मदद मिलेगी।
अस्पताल के विशेषज्ञों ने बताया कि नई स्ट्रोक यूनिट अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक उपकरणों और प्रशिक्षित विशेषज्ञों की टीम से सुसज्जित है। इसमें न्यूरोलॉजिस्ट, प्रशिक्षित नर्स, फिजियोथेरेपिस्ट, स्पीच थेरेपिस्ट और अन्य विशेषज्ञ चिकित्सा कर्मियों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी और उपचार करेगी। मरीजों को साक्ष्य आधारित आधुनिक चिकित्सा पद्धति के अनुसार इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बताया कि स्ट्रोक एक अत्यंत गंभीर और जानलेवा बीमारी है, जिसमें समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मरीज को स्ट्रोक आने के बाद 4.5 घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो विशेष दवाओं और उपचार के माध्यम से मस्तिष्क में बने रक्त के थक्के को घोला जा सकता है। इससे लकवे के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है और मरीज के दीर्घकालिक दुष्प्रभावों को भी नियंत्रित किया जा सकता है।

“BE FAST” फॉर्मूले से लोगों को किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने लोगों को स्ट्रोक के शुरुआती लक्षणों के प्रति जागरूक भी किया। डॉक्टरों ने “BE FAST” फॉर्मूले की जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी व्यक्ति का संतुलन अचानक बिगड़ने लगे, आंखों की रोशनी धुंधली हो जाए, चेहरा टेढ़ा दिखाई दे, हाथ या पैर में कमजोरी महसूस हो या बोलने में परेशानी हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी है।

विशेषज्ञों ने कहा कि लोगों में जागरूकता की कमी के कारण कई बार मरीज देर से अस्पताल पहुंचते हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो जाती है। इसलिए स्ट्रोक के लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार बेहद महत्वपूर्ण है।
टीएमएच प्रबंधन ने विश्वास जताया कि “टीएमएच साथी हेल्पलाइन” और नई स्ट्रोक यूनिट जैसी सुविधाओं से जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। अस्पताल भविष्य में भी मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करता रहेगा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई