टाटानगर रेलवे यार्ड में दिखा संदिग्ध जंगली जानवर, तेंदुए की आशंका से मचा हड़कंप
जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के रेल यार्ड में देर शाम एक संदिग्ध जंगली जानवर दिखने की खबर से पूरे स्टेशन परिसर और रेलवे यार्ड में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों में दहशत का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद कुछ कर्मचारियों ने उस जानवर का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
हालांकि रेलवे प्रशासन ने फिलहाल वीडियो में दिखाई दे रहे जीव को तेंदुआ मानने से इंकार किया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बिना स्पष्ट पुष्टि के उसे तेंदुआ कहना जल्दबाजी होगी। कुछ अधिकारी उसे जंगली बिल्ली बता रहे हैं, जबकि कुछ अन्य किसी दूसरे जंगली जीव होने की संभावना जता रहे हैं। रेलवे का कहना है कि जंगली बिल्ली की बनावट भी काफी हद तक तेंदुए जैसी दिखाई देती है, इसलिए विशेषज्ञों की जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।
घटना के बाद रेलवे ने स्टेशन और रेल यार्ड की सुरक्षा बढ़ा दी है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अन्य कर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अकेले गार्ड या कर्मचारियों के यार्ड क्षेत्र में जाने पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। रेलवे प्रशासन लगातार पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है।
इधर, देर रात वन विभाग की टीम और रेलवे अधिकारियों ने उस स्थान का निरीक्षण किया जहां कथित तौर पर जंगली जीव को देखा गया था। वन विभाग ने इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर वह जीव कौन था। अब सभी की नजर ट्रैप कैमरे में कैद होने वाली तस्वीरों पर टिकी हुई है।
गौरतलब है कि मार्च 2024 में भी जमशेदपुर शहर में तेंदुआ दिखने की खबर से हड़कंप मच गया था। उस समय वन विभाग की टीम काफी प्रयास के बावजूद तेंदुए को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी थी। ऐसे में एक बार फिर रेलवे यार्ड में संदिग्ध जंगली जानवर दिखने के बाद लोगों के बीच डर का माहौल है।
हालांकि वन विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विभागीय अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं और ट्रैप कैमरे की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल रेलवे प्रशासन और वन विभाग दोनों लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं।






