मुसाबनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस

मुसाबनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस

जमशेदपुर :पूरे देश की तरह पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी प्रखंड क्षेत्र स्थित केंदाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सों की सेवा, समर्पण और स्वास्थ्य व्यवस्था में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत आधुनिक नर्सिंग सेवा की जनक कही जाने वाली फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं नर्सों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए समाज और चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सुंदर लाल मार्डी ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होती हैं। मरीजों की देखभाल से लेकर आपातकालीन परिस्थितियों में सेवा देने तक नर्सों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर और नर्स एक दूसरे के सहयोग से ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने सभी नर्सों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत नर्सों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें उपहार भेंट कर बेहतर सेवा के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान उपस्थित नर्सों ने भी अपने अनुभव साझा किए और कहा कि मरीजों की सेवा ही उनके लिए सबसे बड़ा धर्म है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र का वातावरण उत्साह और सम्मान से भरा नजर आया।
इस आयोजन को सफल बनाने में केंद्र प्रभारी डॉ. सुंदर लाल मार्डी, सूरज पूर्ति, रेशमा टोपनो, माया रानी भक्त सहित एएनएम, सीएचओ एवं अन्य नर्सिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई