सोनारी के ऑर्किड रेजीडेंसी में 4 दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ, बच्चों ने गणेश वंदना से बांधा समां

सोनारी के ऑर्किड रेजीडेंसी में 4 दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ, बच्चों ने गणेश वंदना से बांधा समां
जमशेदपुर। सोनारी स्थित ऑर्किड रेजीडेंसी परिसर में मंगलवार से आर्टेक्स क्रिएशन ड्रॉइंग क्लास एवं शिवम शिल्प कला केंद्र के द्वारा संचालित यह चार दिवसीय समर कैंप का भव्य शुभारंभ किया गया। इस समर कैंप में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी अरुणा मिश्रा एवं समाजसेवी पूर्वी घोष उपस्थित रहीं। वहीं इस समर कैंप का आयोजन मधु सिंह के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक गणेश वंदना नृत्य से हुई। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया और पूरे परिसर का माहौल भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो गया। समर कैंप में शामिल बच्चों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि डीएसपी अरुणा मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के मानसिक, शारीरिक और रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी बेहद जरूरी है। वहीं समाजसेवी पूर्वी घोष ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को सकारात्मक दिशा देने के लिए इस तरह के आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
आयोजक मधु सिंह ने बताया कि यह समर कैंप 12 मई से 15 मई तक आयोजित किया जाएगा। कैंप के दौरान बच्चों को ड्रॉइंग, पेंटिंग, क्राफ्ट, डांस, आर्ट एंड क्रिएटिविटी समेत कई प्रकार की गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही बच्चों के व्यक्तित्व विकास एवं आत्मविश्वास बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिवम शिल्प कला केंद्र पूर्व से ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है और समय-समय पर बच्चों एवं महिलाओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को निखारना और उन्हें रचनात्मक मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, स्थानीय लोग एवं बच्चे उपस्थित थे। समर कैंप के पहले दिन ही बच्चों में काफी उत्साह और उमंग देखने को मिली।

Leave a Comment