टाटा मोटर्स कर्मी सुनील कुमार के आत्महत्या मामले की उच्चस्तरीय जांच हो : अप्पू तिवारी
जमशेदपुर : बिरसानगर निवासी एवं Tata Motors कर्मी सुनील कुमार की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत को लेकर आजसू नेता अप्पू तिवारी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
अप्पू तिवारी ने कहा कि वर्षों तक अस्थायी मजदूर के रूप में कार्य करने वाला कोई व्यक्ति जब स्थायी नौकरी मिलने के बाद आत्महत्या जैसा कदम उठाता है, तो मामला सामान्य नहीं माना जा सकता। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं न कहीं कर्मी पर मानसिक दबाव, यूनियन की प्रताड़ना अथवा प्रबंधन का किसी प्रकार का दबाव तो नहीं था, इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत मजदूरों की मानसिक स्थिति, कार्यस्थल का माहौल और उन पर पड़ने वाले दबाव की भी समीक्षा जरूरी है। यदि किसी प्रकार की प्रताड़ना, शोषण या दबाव सामने आता है तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
अप्पू तिवारी ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि मृतक के परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आजसू पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।






