राजभवन से मुख्यमंत्री आवास तक गूंजा राजस्थान महोत्सव सह मेला 2026 का आमंत्रण

राजभवन से मुख्यमंत्री आवास तक गूंजा राजस्थान महोत्सव सह मेला 2026 का आमंत्रण

आगामी 17, 18 एवं 19 मई को बिष्टुपुर स्थित ऐतिहासिक गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले “राजस्थान महोत्सव सह मेला 2026” को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी कड़ी में सम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल के नेतृत्व में आज झारखंड के माननीय राज्यपाल संतोष गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें महोत्सव में शामिल होने हेतु औपचारिक आमंत्रण दिया।

राजभवन में आयोजित मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल महोदय को 17 मई को आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को राजस्थान महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा, सांस्कृतिक महत्व एवं समाजिक उद्देश्य की जानकारी दी।

सम्मेलन पदाधिकारियों ने बताया कि तीन दिवसीय राजस्थान महोत्सव में राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प, लोक संगीत, कालबेलिया एवं घूमर नृत्य, राजस्थानी परिधान, युवा एवं महिला विंग की विशेष प्रस्तुतियां, बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही शहरवासियों के लिए पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों एवं आकर्षक स्टॉल्स का भी विशेष प्रबंध रहेगा।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक महोत्सव भारत की विविधता एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ने एवं नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराने में इस प्रकार के आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

इसके पश्चात सम्मेलन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में मिला। इस अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के माननीय विधायक सरयू राय भी उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राजस्थान महोत्सव सह मेला 2026 का विशेष बैच पहनाकर राजस्थान महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आयोजन में शामिल होने की अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की धरती पर विभिन्न संस्कृतियों का संगम राज्य की पहचान है और इस प्रकार के आयोजन सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे को और अधिक मजबूत करते हैं।

सम्मेलन के जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने कहा कि राजस्थान महोत्सव केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, पारिवारिक संस्कार, सेवा भावना एवं सांस्कृतिक गौरव को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस बार महोत्सव को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं, ताकि जमशेदपुरवासियों को राजस्थान की संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिले।

प्रतिनिधिमंडल में विमल अग्रवाल, सुरेश कुमार अग्रवाल, सुशील रामराइक, राकेश अग्रवाल उपस्थित थे।

मीडिया सेल
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

श्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, भाजपा जमशेदपुर महानगर ने दी शुभकामनाएं, जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा- बंगाल में सुशासन और विकास के नए युग की हुई शुरुआत