बदहाल बिजली व्यवस्था और गहराते जल संकट पर भाजपा जमशेदपुर महानगर का हल्लाबोल गुरुवार को, डीसी ऑफिस पर होगा जोरदार प्रदर्शन, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्यरूप से होंगे शामिल

बदहाल बिजली व्यवस्था और गहराते जल संकट पर भाजपा जमशेदपुर महानगर का हल्लाबोल गुरुवार को, डीसी ऑफिस पर होगा जोरदार प्रदर्शन, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्यरूप से होंगे शामिल

जमशेदपुर। भीषण गर्मी के बीच जमशेदपुर समेत पूर्वी सिंहभूम जिले में बदहाल बिजली व्यवस्था और गहराते पेयजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी अब झामुमो-कांग्रेस सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में है। गांव से लेकर शहर तक अनियमित बिजली आपूर्ति, घंटों की अघोषित कटौती, ठप जलापूर्ति, खराब चापाकल और सूखते जलस्रोतों से त्रस्त जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए भाजपा जमशेदपुर महानगर 7 मई (गुरुवार) को जिला उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। भाजपा ने राज्य सरकार पर जनता को बुनियादी सुविधाओं से वंचित करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जमशेदपुर में बिजली और पानी की स्थिति पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। जिले के शहरी इलाकों से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग भीषण गर्मी में बिजली-पानी के संकट से कराह रहे हैं। कई इलाकों में चापाकल महीनों से खराब पड़े हैं, जलमीनारों से नियमित आपूर्ति नहीं हो रही और जलस्रोत सूखने लगे हैं।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस सरकार जनता को बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल योजना झारखंड में भ्रष्टाचार और सरकारी उदासीनता की भेंट चढ़ गई है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में बिजली कटौती और जलसंकट ने आम जनता का जीवन दूभर कर दिया है। संजीव सिन्हा ने बताया कि प्रदर्शन के निमित्त सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने बताया कि जमशेदपुर महानगर अंतर्गत चारों विधानसभा क्षेत्र के 28 मंडलों से हजारों भाजपा कार्यकर्ता और आमजन सुबह 10:30 बजे साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में एकत्रित होंगे। वहां से सभी कार्यकर्ता झंडा, बैनर और तख्तियां लेकर पैदल मार्च करते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचेंगे, जहां राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनता के धैर्य, पीड़ा और आक्रोश की आवाज है। कहा कि 7 मई का यह प्रदर्शन झामुमो-कांग्रेस सरकार की विफलताओं और संवेदनहीनता के खिलाफ जनता के आक्रोश का बड़ा संदेश साबित होगा।

Leave a Comment