झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा ठप, वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों की हड़ताल

झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा ठप, वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों की हड़ताल

झारखंड में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उस वक्त प्रभावित हो गईं, जब 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी वेतन नहीं मिलने के कारण हड़ताल पर चले गए। यह सेवा सम्मान फाउंडेशन द्वारा संचालित की जा रही है।

कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें मार्च और अप्रैल 2026 का वेतन अब तक नहीं मिला है। इसके विरोध में 3 मई की शाम से उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।

सोमवार 4 मई को रांची के डोरंडा स्थित कार्यालय में कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें 6 से 11 हजार रुपये तक का कम वेतन मिलता है और वह भी समय पर नहीं दिया जाता।

कर्मचारियों ने यह भी कहा कि उन्हें अब तक ऑफर लेटर और पहचान पत्र नहीं दिया गया है। साथ ही पीएफ और ईएसआईसी जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं, जिससे इलाज जैसी बुनियादी जरूरतों में भी परेशानी हो रही है।

वहीं, वार्ता के दौरान प्रबंधन ने सरकारी फंड में देरी का हवाला देते हुए 2 से 3 दिन का समय मांगा और कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की। लेकिन कर्मचारियों ने साफ कर दिया कि जब तक वेतन उनके खाते में नहीं आता, वे हड़ताल जारी रखेंगे।

झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने चिंता जताते हुए कहा कि इस स्थिति के कारण आम जनता को समय पर एंबुलेंस सेवा नहीं मिल पा रही है, जिससे जान का खतरा बढ़ गया है।

Leave a Comment