गोल्ड मेडलिस्ट श्रेया अधरजी को गाजुड़ ट्रस्ट और गृहरक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ ने किया भव्य स्वागत।
जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर की बेटी और गोल्ड मेडलिस्ट श्रेया अधरजी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए मिस इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ (बाराबंकी) में आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर शहर में खुशी की लहर है।रविवार को सोनारी आदर्श नगर स्थित उनके आवास पर गृहरक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ एवं सामाजिक संगठन गाजुड़ ट्रस्ट की ओर से श्रेया अधरजी का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर संघ के प्रदेश प्रवक्ता कमल कुमार शर्मा, संगठन सचिव दिनेश कुमार यादव,गाजुड़ ट्रस्ट के निर्देशक जन्मेजय सरदार और अभिषेक कुमार यादव ने श्रेया को अंगवस्त्र एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्रेया अधरजी, जो एक स्थानीय पत्रकार की पुत्री हैं,उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया वर्ष 2019 में कोरोना काल के दौरान फिटनेस के उद्देश्य से उन्होंने जिम जाना शुरू किया था। धीरे-धीरे यही रुचि उनके जुनून में बदल गई। बीते छह वर्षों में उन्होंने दो बार राज्य स्तर और तीन बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पदक जीतते हुए जमशेदपुर और झारखंड का नाम रोशन की। मौके पर गृहरक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ के प्रदेश प्रवक्ता कमल कुमार शर्मा ने कहा श्रेया अधरजी की सफलता पूरे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जिस समर्पण और मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहन देने के लिए समाज और सरकार दोनों को आगे आना चाहिए। संगठन सचिव दिनेश कुमार यादव ने भी श्रेया को बधाई देते हुए कहा उनकी उपलब्धि यह दर्शाती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा श्रेया ने अपने प्रदर्शन से यह साबित कर दिया है कि झारखंड की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं।वहीं,गाजुड़ ट्रस्ट के निर्देशक जन्मेजय सरदार ने कहा एक पत्रकार की बेटी होने के बावजूद श्रेया ने अपनी पहचान खुद बनाई है। उनकी मेहनत और लगन ही उनकी असली ताकत है। उन्होंने कहा कि श्रेया ने जिस तरह मिस इंडिया 2026 का खिताब जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है, वह सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है। साथ ही उन्होंने सरकार से अपील की कि राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए ठोस पहल की जाए, ताकि उनमें खेल और अन्य क्षेत्रों के प्रति रुचि और उत्साह बढ़े।श्रेया की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह साबित कर दिया जमशेदपुर की धरती प्रतिभाओं से भरी है, जिन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।







