जमशेदपुर.गोलमुरी स्थित नेपाली सेवा समिति परिसर में नेपाली समाज के गोर्खा परिवारों ने नेपाली नववर्ष समारोह को पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया। इस अवसर पर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत समिति परिसर स्थित श्री श्री पशुपतिनाथ मंदिर में सामूहिक पूजा-अर्चना से हुई, जहां लोगों ने सपरिवार शामिल होकर परिवार, समाज और देश में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहु, समाजसेवी विकास सिंह, टी.के. राय, उमेश गुरूंग, समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विजय कुमार दमाई और परिषद चेयरमैन गोपाल सिंह थापा ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विधायक पूर्णिमा साहु ने उपस्थित लोगों को नववर्ष की बधाई देते हुए शिक्षा पर विशेष जोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही देश के विकास और नव-निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विजय कुमार दमाई ने अपने संबोधन में कहा कि नया साल नई ऊर्जा, नई उमंग और नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव शंकर थापा ने किया। इस दौरान स्थानीय कलाकार बच्चों ने सांस्कृतिक सचिव ज्योति अधिकारी के मार्गदर्शन में नेपाली सांस्कृतिक नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध मैजिशियन तरूण शंकर ने अपनी जादुई प्रस्तुति से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
समारोह को सफल बनाने में केंद्रीय कमिटी के पदाधिकारियों, परिषद सदस्यों, युवा टीम और आजीवन सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।







