उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई केजीबीवी एवं जेबीएवी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नामांकन हेतु जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक, विधायक जुगसलाई, सांसद एवं अन्य विधायकगण के प्रतिनिधि हुए शामिल
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (09) एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय (02) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नामांकन हेतु जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। जुगसलाई के विधायक श्री मंगल कालिंदी, सांसद एवं अन्य विधायकगण के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए। बैठक में जिला अंतर्गत आवासीय विद्यालयों में कुल रिक्त 750 सीटों के विरूद्ध प्राप्त 2444 आवेदनों की समीक्षा की गई । एकल, अनाथ, परित्यक्त, गरीब परिवार के बच्चे तथा राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार योग्य बच्चों के चयन पर समिति ने मुहर लगाई । वहीं आवासीय विद्यालयों के कक्षा 7,8 और 9 में रिक्त 18 सीट पर भी योग्य बच्चों के चयन पर समिति ने निर्णय लिया । इन 18 सीटों के विरूद्ध 117 आवेदन प्राप्त हुए थे जिनमें योग्य बच्चों का चयन सुनिश्चित किया गया।
बैठक में प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के उत्क्रमण पर भी विमर्श करते हुए प्राप्त अनुमोदनों की अनुशंसा की गई। प्राथमिक से मध्य के लिए 02 विद्यालय (प्राथमिक विद्यालय नंदनगर-जेएनएसी, प्राथमिक विद्यालय बनकई- मुसाबनी) वहीं मध्य से उच्च विद्यालय के लिए 8 विद्यालयों को समिति ने अनुमोदित किया जिनमें पटमदा के 2, डुमरिया 1, बहरागोड़ा 1, बीआरसी जमशेदपुर अंतर्गत 2 तथा 1-1 विद्यालय मुसाबनी एवं गुड़ांबांदा के शामिल हैं। वहीं राज्य सरकार के नए गाइडलाइन जिसमें प्रत्येक पंचायत में एक-एक प्लस टू विद्यालय खोला जाना है, उक्त को लेकर हाई स्कूल से प्लस टू विद्यालय के उत्क्रमण हेतु नए सिरे से विद्यालयों को चिन्हित करने का निदेश डीईओ को दिया गया । बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री आशीष पांडेय, आवासीय विद्यालयों के वार्डन व अन्य संबंधित उपस्थित थे।







