बिष्टुपुर के तुलसी भवन में ऑल इंडिया शोतोकान शोगोकाई ओपन कराटे चैंपियनशिप का भव्य समापन
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में ऑल इंडिया शोतोकान शोगोकाई ओपन कराटे चैंपियनशिप का शानदार समापन हुआ, जहां खिलाड़ियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा का संदेश दिया गया.
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित ऑल इंडिया शोतोकान शोगोकाई ओपन कराटे चैंपियनशिप का आज भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति (SSKI) की ओर से मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं शॉल देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया.
समापन समारोह के दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण का मजबूत आधार भी है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं, वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
मीडिया से बातचीत के दौरान शोतोकान शोगोकाई कराटे डू इंडिया के संस्थापक अभिषेक राज गोस्वामी ने बताया कि इस संस्था की शुरुआत उनके पिताजी द्वारा वर्ष 1979 में की गई थी और तब से लगातार बच्चों को कराटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर में संस्था का मुख्य प्रशिक्षण केंद्र है, जबकि मानगो और कदमा में भी प्रशिक्षण दिया जाता है.
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में सेल्फ डिफेंस बेहद जरूरी हो गया है, खासकर ऐसे दौर में जब हर व्यक्ति को अपनी सुरक्षा स्वयं करनी होती है। ऐसे में कराटे जैसे खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त करते हैं.






