भुइयांडीह के पास सड़क हादसे में युवक की मौत, दो घंटे तक जाम
जमशेदपुर। शहर के भुइयांडीह इलाके में गुरुवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मानगो स्थित जवाहर नगर रोड नंबर-4 निवासी सुदीप रॉय के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुदीप रॉय लाइफ लाइन हॉस्पिटल में कार्यरत था और दोपहर में मोटरसाइकिल से खाना खाने के लिए निकला था। इसी दौरान भुइयांडीह के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक का सिर पूरी तरह कुचल गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद उसकी मोटरसाइकिल लगभग सुरक्षित पाई गई, जिस पर खरोंच तक नहीं थी, जिससे घटना को लेकर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं।
घटना के बाद भुइयांडीह रोड पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर एसडीओ सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद शव को एंबुलेंस के जरिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।







