चंडीगढ़: पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने एक नई पार्टी लॉन्च की है. नवजोत कौर सिद्धू ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में नई पार्टी की घोषणा की. नवजोत कौर सिद्धू ने बैकग्राउंड में नई पार्टी, भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी के नाम के साथ एक फोटो पोस्ट की और पोस्ट में लिखा, ‘यह एक बहुप्रतीक्षित घोषणा है.’
इसमें नवजोत कौर सिद्धू ने लिखा, ‘हमने नेशनल लेवल पर एक नया विकल्प बनाने के लिए काम किया है. मौजूदा पॉलिटिकल लीडर्स के परफॉर्मेंस स्टैंडर्ड को गहराई से स्टडी और इवैल्यूएट किया है. हम बस अपनी ज़िंदगी अपने देश को डेडिकेट करना चाहते हैं और लोगों को वह देना चाहते हैं जिसके वे असल में हकदार हैं और हमसे उम्मीद करते हैं.’
डॉ. नवजोत कौर ने यह पोस्ट देर रात सोशल मीडिया पर अपलोड की. हालांकि, पार्टी की घोषणा के समय उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू उनके साथ नहीं दिखे. नवजोत कौर को पिछले साल कांग्रेस पार्टी से निकाल दिया गया था. इसके बाद वह बीजेपी के करीब आने लगीं.
जब डॉ. नवजोत कौर ने कांग्रेस पर मुख्यमंत्री की कुर्सी 500 करोड़ रुपये में बेचने का आरोप लगाया था, तो पंजाब की राजनीति में भूचाल आ गया. स्थानीय कांग्रेस नेताओं से लेकर हाईकमान तक, सभी को विपक्ष के हमले का सामना करना पड़ा. तब पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए नवजोत कौर को कारण बताओ नोटिस जारी किया.,
पार्टी द्वारा निकाले जाने से पहले ही उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी. कांग्रेस छोड़ने के बाद नवजोत कौर ने मोदी सरकार की तारीफ करना शुरू कर दिया, जिससे उनके भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जाने लगे. हालांकि, नवजोत कौर सिद्धू ने देर रात सोशल मीडिया पोस्ट के साथ पार्टी लॉन्च करके सभी को चौंका दिया.







