टाटानगर रेलवे उच्च विद्यालय में नामांकन पुनः शुरू करने की मांग तेज

टाटानगर रेलवे उच्च विद्यालय में नामांकन पुनः शुरू करने की मांग तेज
जमशेदपुर: टाटानगर क्षेत्र में स्थित रेलवे से संचालित उच्च विद्यालय में नामांकन प्रक्रिया को पुनः शुरू कराने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। इस संबंध में जिला परिषद सदस्य किशोर कुमार यादव ने दक्षिण पूर्व रेलवे, कोलकाता के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर स्कूल में नामांकन दोबारा शुरू करने का आग्रह किया है।
अपने पत्र में उन्होंने बताया कि इस उच्च विद्यालय की स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी और बीते करीब 100 वर्षों से यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता आ रहा है। यहां से पढ़कर निकले हजारों छात्र-छात्राएं आज देश-विदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं। विद्यालय का शैक्षणिक स्तर भी काफी उत्कृष्ट रहा है, जिसका प्रमाण पिछले तीन वर्षों का 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम है।
इसके बावजूद रेलवे प्रशासन द्वारा विद्यालय में नामांकन पर रोक लगा दी गई है, जिससे स्थानीय छात्रों और अभिभावकों में निराशा का माहौल है। खास बात यह है कि चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत टाटानगर स्टेशन के आसपास सीबीएसई बोर्ड का कोई अन्य विद्यालय उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इस स्कूल का बंद रहना या नामांकन ठप होना छात्रों के भविष्य के लिए गंभीर समस्या बन सकता है।
किशोर कुमार यादव ने सुझाव दिया है कि विद्यालय को कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत संचालित करते हुए संविदा पर शिक्षकों की बहाली की जाए और नामांकन प्रक्रिया को पुनः शुरू किया जाए। इससे स्थानीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने महाप्रबंधक से अपील की है कि इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए। वहीं, इस मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों का भी समर्थन मिल रहा है। अब सभी की नजर रेलवे प्रशासन के फैसले पर टिकी है कि कब तक इस विद्यालय में फिर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होती है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति का सात दिवसीय महाराष्ट्र दौरा, महिला सशक्तिकरण के विविध मॉडलों का किया अध्ययन, विधायक पूर्णिमा साहू ने लिज्जत पापड़ संचालकों को जमशेदपुर में शाखा प्रारंभ करने का दिया आमंत्रण

RAMPC 2026 का समापन समारोह दिनांक 19 मई 2026 को DJLHC 212, National Institute of Technology Jamshedpur में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों, संकाय सदस्यों, आयोजकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे सम्पूर्ण वातावरण उत्साह एवं अकादमिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।