टोंटो हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण हेस्सा को किया गिरफ्तार; आधार कार्ड लेने घर पहुँचा था फरार आरोपी
चाईबासा: चाईबासा पुलिस ने टोंटो थाना क्षेत्र के चालगी (रुंगकुचा) में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी लक्ष्मण हेस्सा (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जो वारदात के बाद तमिलनाडु भागने की फिराक में था।
विवाद और हत्या का कारण:
पुलिस अनुसंधान के अनुसार, मृतक श्रीधर बारी मगे पर्व मनाने अपने चाचा के घर आया था। घटना की रात खाने-पीने के दौरान श्रीधर ने अभियुक्त के घर जाकर गाली-गलौज की, जिससे गुस्साए लक्ष्मण हेस्सा और उसके जीजा गणेश पुरती ने जलावन की लकड़ी से श्रीधर की कनपटी पर वार कर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने की नियत से शव को पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया गया था।
कैसे पकड़ा गया आरोपी:
हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। तकनीकी शाखा के सहयोग से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कल (19 मार्च) अपना आधार कार्ड लेने घर आया हुआ है, जिसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर उसे धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगी लकड़ी और मृतक का जैकेट भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस टीम और आगे की कार्रवाई:
जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफाएल मुर्मू के नेतृत्व में गठित इस छापेमारी दल में टोंटो थाना प्रभारी सुकुमार हेम्ब्रम सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी गणेश पुरती की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।





