नारी सीएच एरिया क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात पर त्वरित कार्रवाई एवं किन्नर समुदाय द्वारा अत्यधिक राशि मांगने पर नियंत्रण हेतु पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने नगर पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन।
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल की अगुवाई में आज जमशेदपुर के सिटी एसपी से शिष्टाचार मुलाकात करने पहुँचा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शहर में हाल के दिनों में घटित कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक मुद्दों को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने सोनारी थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस एरिया में हुई चोरी की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस घटना से क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का माहौल बन गया है। सम्मेलन ने प्रशासन से मांग की कि इस घटना का शीघ्र उद्भेदन कर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
इसके साथ ही, जन्म, विवाह एवं गृह प्रवेश जैसे अवसरों पर किन्नर समुदाय द्वारा अत्यधिक धनराशि की मांग के विषय को भी प्रमुखता से उठाया गया। सम्मेलन ने बताया कि कार्यकारिणी बैठक में इस विषय पर विचार करते हुए अधिकतम ₹3100 की राशि निर्धारित की गई है, ताकि सामाजिक संतुलन बना रहे। प्रशासन से अनुरोध किया गया कि इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ, जिससे आमजन को किसी प्रकार का दबाव न झेलना पड़े।
सिटी एसपी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि चोरी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, सामाजिक विषय पर भी उचित पहल करने की बात कही।
इस अवसर पर जिला महासचिव प्रदीप कुमार मिश्रा, संयुक्त महासचिव आकाश शाह, उपाध्यक्ष दिलीप गोयल, मनोज चेतानी, श्याम अग्रवाल, सचिव राजेश अग्रवाल, राम रतन खंडेलवाल एवं कार्यसमिति सदस्य राजेश शर्मा उपस्थित रहे।





