ड्यूटी निभाते-निभाते चली गई जान, ट्रेन मैनेजर देवेंद्र शर्मा का निधन

ड्यूटी निभाते-निभाते चली गई जान, ट्रेन मैनेजर देवेंद्र शर्मा का निधन

जमशेदपुर/चक्रधरपुर: रेलवे में कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल बने ट्रेन मैनेजर देवेंद्र शर्मा (57 वर्ष) का ड्यूटी के दौरान दर्दनाक निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वे 16 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे ट्रेन संख्या 12869 लेकर हावड़ा के लिए रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन उन्होंने अपनी जिम्मेदारी को प्राथमिकता देते हुए लगभग 11 घंटे तक ट्रेन का संचालन जारी रखा।
बताया जाता है कि खराब स्वास्थ्य के बावजूद देवेंद्र शर्मा ने ट्रेन को सुरक्षित रूप से हावड़ा तक पहुंचाया। वहां प्लेटफॉर्म पर उतरने के बाद उनकी हालत और गंभीर हो गई और वे गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्हें समय पर चिकित्सीय सहायता नहीं मिल सकी और करीब तीन घंटे तक वे मदद के इंतजार में रहे, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
देवेंद्र शर्मा जमशेदपुर के परसुडीह स्थित मां दुर्गा अपार्टमेंट, फेज-6 के निवासी थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2004 में ट्रैफिक वर्कर के रूप में की थी और बाद में पदोन्नति पाकर ट्रेन मैनेजर (गार्ड) बने। चक्रधरपुर, आदित्यपुर और टाटा में सेवा देने के बाद हाल ही में वे चक्रधरपुर में पदस्थापित हुए थे।
इस घटना ने रेलवे की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच हो और ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
देवेंद्र शर्मा के निधन से उनके परिवार और सहकर्मियों में शोक की लहर है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई