सोनारी में नव वर्ष पूर्व संध्या पर भव्य शोभा यात्रा निकलेगी, तैयारियों में जुटे युवा

सोनारी में नव वर्ष पूर्व संध्या पर भव्य शोभा यात्रा निकलेगी, तैयारियों में जुटे युवा
जमशेदपुर। प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी वर्ष प्रतिपदा की पूर्व संध्या पर सोनारी नगर में भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह शोभा यात्रा विश्व हिन्दू परिषद के मार्गदर्शन में हिन्दू जागृति मंच के बैनर तले निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
जानकारी के अनुसार, 18 मार्च 2026 को दोपहर 2:00 बजे कागलनगर सेंटर, सोनारी में बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबी एकत्रित होंगे। यहां से शोभा यात्रा विधिवत प्रारंभ होकर सोनारी नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए डिमना ट्रांसपोर्ट नगर के लिए प्रस्थान करेगी। आयोजकों का कहना है कि इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे, जिसमें महिला, पुरुष और युवा वर्ग की विशेष भागीदारी रहेगी।
नव वर्ष यात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों से युवा रात्रि में जागकर नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों को भगवा पताकाओं से सजा रहे हैं। पूरा क्षेत्र धार्मिक रंग में रंगता नजर आ रहा है।
शोभा यात्रा का मुख्य आकर्षण देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां, भजन मंडलियों की मधुर प्रस्तुति और पारंपरिक परिधान में सजी मातृशक्ति की भागीदारी होगी। खास बात यह है कि यात्रा की प्रथम पंक्ति में मातृशक्ति की उपस्थिति रहेगी, जो कार्यक्रम को और भी गरिमामय बनाएगी।
आयोजन के तहत नव वर्ष की पूर्व संध्या पर विक्रम संवत 2083 एवं कलि वर्ष 5128 के आगमन का स्वागत भव्य रूप से किया जाएगा। इस अवसर पर पूजा-अर्चना, विश्व कल्याण की कामना और भारत माता की भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। पूरे आयोजन को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी है।
इस संबंध में संतोष वर्मा, नवीन पाण्डे, सुखदेव सिंह, आदित्य वर्मा और अपर्णा दत्ता ने संयुक्त रूप से प्रेस को जानकारी दी। प्रेस वार्ता के दौरान अमित हलदर, दुर्गा देवी, विक्की, गौरी यादव, मुरली गोप, सिद्धार्थ दास, सोम, दीपू, युवराज, नितिन, भावेश, मुकेश सहित विश्व हिन्दू परिषद एवं हिन्दू जागृति मंच के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर नव वर्ष का स्वागत करने की अपील की है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई