बेल्डीह कालीबाड़ी में 24 से 28 मार्च तक श्री श्री वसंती दुर्गा पूजा, श्रद्धालुओं को आमंत्रण

बेल्डीह कालीबाड़ी में 24 से 28 मार्च तक श्री श्री वसंती दुर्गा पूजा, श्रद्धालुओं को आमंत्रण

जमशेदपुर: शहर के बेल्डीह स्थित कालीबाड़ी आश्रम में इस वर्ष श्री श्री वसंती दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया जाएगा. यह धार्मिक उत्सव 24 मार्च से 28 मार्च 2026 तक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा. आयोजन समिति ने शहर के सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से परिवार सहित उपस्थित होकर माता दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है.

पूजा का शुभारंभ 19 मार्च 2026 को कलश स्थापना और चंडीपाठ के साथ होगा, जिससे चैत्र नवरात्र की शुरुआत मानी जाएगी. 24 मार्च को प्रातः अशोक षष्ठी पूजा आयोजित की जाएगी, जबकि शाम 6:30 बजे माता वसंती दुर्गा का आमंत्रण किया जाएगा. इसी दिन शाम को आनंद मेला का भी आयोजन होगा.

25 मार्च को सप्तमी पूजा के अवसर पर प्रातः नवपत्रिका प्रवेश और विधिवत पूजा संपन्न होगी. वहीं शाम को श्रद्धालुओं के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

26 मार्च को महाअष्टमी पूजा प्रातः 7:02 बजे से प्रारंभ होगी. इस दिन पुष्पांजलि, संधि पूजा सहित विभिन्न विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे. शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.

27 मार्च को नवमी पूजा प्रातः संपन्न होगी तथा महानवमी के अवसर पर श्री श्री कुमारी माता की विशेष पूजा का आयोजन किया जाएगा.

पूजा का समापन 28 मार्च को दशमी पूजा और दर्पण विसर्जन के साथ प्रातः 8:33 बजे होगा.

पूजा के दौरान प्रतिदिन प्रातः 4:30 बजे मंगल आरती, प्रातः 9:00 बजे पुष्पांजलि, दोपहर 1:00 से 2:00 बजे तक भोग वितरण तथा शाम 6:45 बजे संध्या आरती की जाएगी. इसके अतिरिक्त प्रतिदिन शाम 7:30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे.

आयोजकों ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक उत्सव को सफल बनाएं.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई