जमीन विवाद में मारपीट, लूट और अफवाह फैलाने का आरोप, परसुडीह थाना में शिकायत
जमशेदपुर:जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मारपीट, लूट, धमकी और अफवाह फैलाने का मामला सामने आया है। गंगोत्री कॉलोनी, घाघीडीह निवासी अमित कुमार ने इस संबंध में परसुडीह थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
अमित कुमार ने अपने आवेदन में बताया कि सोमवार सुबह उन्हें कुछ परिचित लोगों के फोन आए, जिनमें कहा गया कि उनके बेटे को ड्रग्स स्कैंडल में कदमा थाना में पकड़ा गया था और उसे पांच लाख रुपये देकर छुड़ाया गया है। अमित कुमार का कहना है कि यह पूरी तरह से झूठी अफवाह है, जिसे दादी बगान निवासी आनंद कुमार द्वारा फैलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आनंद कुमार पहले भी उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए लोगों से फोन करवाता रहा है।
पीड़ित के अनुसार सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह अपने बेटे के साथ सरायकेला रजिस्ट्रेशन कराने जा रहे थे। इसी दौरान साईं कॉम्प्लेक्स के पास उनकी मुलाकात आनंद कुमार से हो गई। बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी बीच आनंद कुमार ने अपने चार–पांच साथियों के साथ मिलकर उनके बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब अमित कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
अमित कुमार का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन और ब्रेसलेट छीन लिया तथा उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। किसी तरह वह और उनका बेटा अपनी जान बचाकर वहां से निकल पाए।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आनंद कुमार ने पहले से ही उनके घर पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। उनके नाम के बिजली मीटर पर लगभग 16 हजार रुपये का बिल बकाया होने के बावजूद आनंद कुमार ने अपनी पत्नी मधुलिका रानी के नाम पर नया बिजली कनेक्शन ले लिया है। इस संबंध में अमित कुमार ने वकील के माध्यम से घर खाली करने का नोटिस भी भेजा है।
अमित कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि आनंद कुमार ने उनके दिए हुए लगभग 60 लाख रुपये से एक जमीन खरीदी है, जिसका एग्रीमेंट उनके पास मौजूद है, लेकिन अब वह जमीन की रजिस्ट्री करने से इनकार कर रहा है। साथ ही उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने के लिए तरह-तरह की साजिश रच रहा है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, घर और जमीन वापस दिलाने तथा छीनी गई सोने की चेन और ब्रेसलेट बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





