भटिन माइंस गेट के पास तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, यूसीएल नरवा कॉलोनी के चार युवक घायल, तीन की हालत गंभीर
जादूगोड़ा:
जादूगोड़ा स्थित यूसीएल भटिन माइंस गेट के समीप बुधवार दोपहर करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार चार युवक घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी युवक यूसीएल नरवा कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार जादूगोड़ा से जमशेदपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान भटिन माइंस गेट के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कार में रोहित मुखी अपने तीन दोस्तों के साथ सवार थे। दुर्घटना में तीन युवकों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक युवक को हल्की चोट लगी है। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला और तुरंत जादूगोड़ा अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर रूप से घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं एक युवक का इलाज जादूगोड़ा अस्पताल में ही किया गया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना की वजह कार की तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







