अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित
आज दिनांक 11 मार्च 2026 को पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस के अवसर पर निरीक्षण भवन में अधीक्षण अभियंता तथा कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल आदित्यपुर द्वारा सभी अतिथियों के स्वागत के साथ की गई। इस दौरान दिनांक 08 मार्च 2026 से संचालित “जल महोत्सव” कार्यक्रम के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि आज के आयोजन के अंतर्गत प्लम्बर दिवस मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था में प्लम्बरों की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित करना है। उन्होंने विशेष रूप से जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में “नल से जल” की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने में प्लम्बरों के सराहनीय योगदान की चर्चा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता ने सभी प्लम्बरों को अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्लम्बर समाज को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए जा रहे उनके उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में “जल महोत्सव पखवाड़ा” के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका आयोजन 08 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026 तक किया जाएगा। भारत सरकार से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप तिथिवार कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्लम्बरों को शॉल एवं टूल किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंत में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जमशेदपुर द्वारा जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जिला, प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, सभी जिला समन्वयक, प्लम्बर एवं अन्य कार्यालय कर्मी उपस्थित थे।







