जमशेदपुर में वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत पर बवाल, टाटानगर रेलवे अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

जमशेदपुर में वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत पर बवाल, टाटानगर रेलवे अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के हलूदबनी निवासी राजेश प्रसाद की 70 वर्षीय माता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शहर के टाटानगर रेलवे अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, 3 तारीख को सांस लेने में तकलीफ होने पर वृद्ध महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों और स्टाफ ने उचित देखभाल नहीं की, जिससे उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
परिजनों का यह भी कहना है कि महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से उन्हें कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई। परिवार को अन्य मरीजों और उनके परिजनों से जानकारी मिली कि उनकी माता का निधन हो चुका है। इसके बाद जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां मौजूद प्रबंधन और कर्मचारियों से उनकी कहासुनी हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई। घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका अपने पीछे चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वृद्ध महिला की मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई