रंगदारी से कारोबारियों को दहला रहा अपराधी मनीष सिंह गिरफ्तार, गोल्डन लीफ रिसोर्ट से हुई गिरफ्तारी

रंगदारी से कारोबारियों को दहला रहा अपराधी मनीष सिंह गिरफ्तार, गोल्डन लीफ रिसोर्ट से हुई गिरफ्तारी
जमशेदपुर के कारोबारियों के लिए परेशानी का सबब बने कुख्यात अपराधी मनीष सिंह को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी पारडीह स्थित Golden Leaf Resort से की गई है, जहां वह कमरा लेकर रह रहा था। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद मनीष सिंह लगातार कई कारोबारियों से रंगदारी की मांग कर रहा था और उन्हें धमका रहा था। इससे व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ था।
गौरतलब है कि मनीष सिंह की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण ही जुगसलाई थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार को निलंबित कर दिया गया था। दो दिन पहले ही गुलाम रब्बानी को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया था। नियुक्ति के तुरंत बाद उन्होंने कार्रवाई करते हुए मनीष सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
मनीष सिंह के खिलाफ रंगदारी, आर्म्स एक्ट, गोली चलाने समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर उसे रिसोर्ट से पकड़ा। हालांकि इस गिरफ्तारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। कुछ लोग इसे “सरेंडर” बता रहे हैं, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि अगर सरेंडर करना था तो वह सीधे थाने जाता। किसी रिसोर्ट में जाकर सरेंडर करने की कहानी लोगों के गले नहीं उतर रही है।
फिलहाल पुलिस मनीष सिंह से उसके नेटवर्क और रंगदारी के मामलों को लेकर पूछताछ कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ में और भी कई खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Comment