रोलाडीह में पत्थर खनन पट्टा के खिलाफ ग्रामसभा का विरोध, ग्रामीणों ने कहा – जान देंगे मगर पहाड़ नहीं देंगे
पोटका : पोटका प्रखंड अंतर्गत रोलाडीह मौजा में 7 एकड़ 40 डिसमल भूमि पर पत्थर खनिज खनन पट्टा को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार क्रिस्टल मीनिंग पार्टनर सुधांशु शेखर एवं अन्य द्वारा 29 जुलाई 2025 को खनन विभाग में पट्टा के लिए आवेदन दिया गया था।
इसी के आलोक में पोटका पंचायत के रोलाडीह गांव में ग्राम प्रधान अमल रंजन सरदार के नेतृत्व में ग्रामसभा आयोजित की गई। बीडीओ अरुण कुमार मुंडा के निर्देश पर पंचायत सचिव सुनील बेरा की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।
ग्रामसभा में सर्वसम्मति से ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में गांव में पत्थर खनन नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा – “जान देंगे मगर पहाड़ नहीं देंगे।”
बैठक में मुखिया पानो सरदार, ग्राम प्रधान अमल रंजन सरदार, आनंद दास, शंकर सिंह मुड़ा, भौटीराम बास्के, सरस्वती सरदार, मुनीता सरदार तथा पंचायत समिति सदस्य छवि रानी दास समेत कई ग्रामीणों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि रोलाडीह पहाड़ी के समीप नदी बहती है तथा पास में जाहेर थान और अन्य पूजा स्थल स्थित हैं। यदि खनन पट्टा दिया गया तो जल, वायु एवं ध्वनि प्रदूषण बढ़ेगा, जिससे पर्यावरण और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। साथ ही गांव की सामाजिक एकता भी प्रभावित होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि किसी भी हाल में खनन लीज स्वीकृत नहीं की जाए। बैठक के बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और प्रस्तावित लीज के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।






