रांची सीवरेज विवाद फिर गरमाया: सिंगापुर की कंपनी ने सरयू राय को भेजा 100 करोड़ का मानहानि नोटिस
…………………..
रांची के चर्चित सीवरेज और ड्रेनेज प्रोजेक्ट से जुड़ा पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। सिंगापुर आधारित मेनहर्ट कंपनी ने झारखंड के वरिष्ठ नेता सरयू राय को 100 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है।
कंपनी का आरोप है कि वर्षों से लगाए जा रहे आरोपों और सार्वजनिक बयानों से उसकी छवि और व्यावसायिक हितों को नुकसान पहुंचा है। मामला उस समय का है जब रांची सीवरेज परियोजना में मेनहर्ट को कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे।
सरयू राय ने 2005-06 के दौरान इस परियोजना में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया था। उस वक्त नगर विकास मंत्री रहे रघुवर दास भी आरोपों के घेरे में आए थे। बाद में इस मुद्दे को विधानसभा और अपनी पुस्तक “लहरों की खता” में भी सार्वजनिक किया गया।
अब कंपनी ने इन आरोपों को आधार बनाते हुए 100 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग की है। वहीं, सरयू राय ने साफ कहा है कि वे अपने आरोपों पर कायम हैं और कानूनी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।
इस नोटिस के बाद एक बार फिर झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।






