जमशेदपुर, बालिगुमा। भारतीय नौसेना के वीर सपूत, शहीद मनोरंजन कुमार की पुण्यतिथि के अवसर पर शहीद मनोरंजन वास्तु विहार, बालिगुमा में श्रद्धांजलि समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरी कॉलोनी के निवासियों के साथ-साथ जमशेदपुर के पूर्व सैनिक सेवा परिषद के वरुण कुमार सुशील कुमार सिंह राजीव रंजन सिद्धनाथ सिंह के नेतृत्व में तीनों सेना के सैनिक साथी शहर के कविगण एवं कवित्रि के साथ साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों तथा कई शहीद परिवारों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया।
ज्ञात हो कि 26 फरवरी 2014 को मुंबई तट के समीप भारतीय नौसेना की पनडुब्बी INS Sindhuratna में हुए हादसे के दौरान लेफ्टिनेंट कमांडर मनोरंजन कुमार ने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व का परिचय देते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। राष्ट्र के प्रति उनके असाधारण साहस और वीरता के सम्मान में उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद के माता पिता ने दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की। उपस्थित सैनिक साथियों एवं कॉलोनी वासियों ने बारी बारी अपना श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी एवं दो मिनट का मौन रखकर शहीद की पावन स्मृति को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि लेफ्टिनेंट कमांडर मनोरंजन कुमार का जीवन देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का अद्वितीय उदाहरण बताया। उन्होंने जिस साहस के साथ संकट की घड़ी में अपने दायित्व का निर्वहन किया, वह भारतीय नौसेना के गौरवशाली इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।
पूर्व सैनिकों ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद मनोरंजन कुमार जैसे वीरों के कारण ही देश की सीमाएँ सुरक्षित हैं और नागरिक चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करें और शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करें।
समारोह में उपस्थित कवियों एवं कवित्रियों के साथ नौसैनिक वरुण कुमार सुशील कुमार सिंह राजीव रंजन सिद्धनाथ सिंह का विशेष सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद का परिवार भी उतना ही सम्मान और गर्व का पात्र है, जितना स्वयं वह वीर जिसने देश के लिए बलिदान दिया।
आयोजक शहीद मनोरंजन सेवा समिति, शहीद मनोरंजन वास्तु विहार, बालिगुमा द्वारा कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया, जबकि सह-आयोजक के रूप में पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के गीतों और प्रेरणादायक नारों से वातावरण ओजस्वी बना रहा।
अंत में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि शहीदों की स्मृति को सहेजकर रखा जाएगा, उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाया जाएगा तथा समाज में राष्ट्रभक्ति और सेवा की भावना को और सुदृढ़ किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यरूप से दिनेश सिंह हँसराज सिंह राजीव कुमार किशोर कुमार अवधेश कुमार नवीन रजत डे कुंदन शर्मा मिथिलेश कुमार सिंह रमेश शर्मा बृजेश सिंह अंशु कुमार सोनू सिंह राजीव गोरंगो प्रधान विनय सिंह रेणु सिंह सुरभि सिंह के साथ साथ बड़ी संख्या में कॉलोनी वासी शामिल थे। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “शहीद अमर रहें” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।






