जेएनएसी की अनधिकृत निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, सोनारी में अवैध निर्माण ध्वस्त
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के 152 बी ब्लॉक, सोनारी पोस्ट ऑफिस के समीप सोमवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने अनधिकृत निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त स्थल पर सुलेमान केरकेट्टा द्वारा बिना स्वीकृति के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इस संबंध में जेएनएसी द्वारा पूर्व में संबंधित भवन स्वामी को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा स्वयं अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया था। बावजूद इसके निर्धारित समयावधि में न तो दस्तावेज प्रस्तुत किए गए और न ही निर्माण हटाया गया।
इसके बाद जेएनएसी के उप नगर आयुक्त द्वारा नियमों के तहत अवैध निर्माण को ध्वस्त करने का आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुपालन में आज प्रशासनिक टीम व जेएनएसी कर्मियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन के माध्यम से अनधिकृत निर्माण को तोड़ दिया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
जेएनएसी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना अनुमति किए गए किसी भी प्रकार के निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि भवन निर्माण से पूर्व संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।






