राँची। झारखण्ड में सोमवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। दोपहर में तेज धूप से लोग परेशान थे।
लेकिन शाम 7 बजे के आसपास राँची, खूँटी, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, जमशेदपुर पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में झमाझम बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई।
बारिश के साथ ठंडी हवाओं ने भी लोगों को सुकून दिया। राँची में कई जगहों पर गरज और बिजली चमकने की घटना भी देखी गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव झारखण्ड की ओर नमी भेज रहा है, जिसकी वजह से बारिश हो रही है। यह बारिश आज और कल भी जारी रहने की संभावना है, खासकर बंगाल की खाड़ी के निकटवर्ती जिलों में बादलों की गतिविधि अधिक रहेगी।
झारखण्ड के सात जिलों- राँची, रामगढ़, खूँटी, बोकारो, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम तथा सरायकेला खरसावां में आज हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
साथ ही गरज और वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और किसी पेड़ के नीचे खड़े न हों।






