झारखंड बजट 2026-27 : वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर आज पेश करेंगे बजट

झारखंड बजट 2026-27 : वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर आज पेश करेंगे बजट

रांची : झारखंड सरकार का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट मंगलवार दोपहर 12 बजे विधानसभा में पेश किया जाएगा। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर लगातार दूसरी बार बजट पेश करेंगे। माना जा रहा है कि इस बार बजट करीब 1.59 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है, जो अब तक का बड़ा बजट माना जा रहा है।

1 लाख करोड़ से ज्यादा का हो सकता है योजना बजट

सूत्रों की मानें तो कुल बजट में एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि योजना मद में रखी जा सकती है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.45 लाख 400 करोड़ रुपए का मूल बजट था, जिसमें से 91,741.53 करोड़ रुपए योजना मद में थे। इनमें 17,073.61 करोड़ रुपए केंद्रीय योजनाओं से जुड़े थे। इस बार भी बजट घाटे का रहने की संभावना है, लेकिन राहत की बात यह है कि सरकार किसी नए टैक्स का प्रस्ताव नहीं ला सकती है।

सामाजिक क्षेत्र पर रहेगा खास फोकस

सरकार का मुख्य जोर सामाजिक क्षेत्र पर रहने की संभावना है। महिला, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा विभाग को इस बार सबसे ज्यादा आवंटन मिल सकता है। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं पर भी खास ध्यान दिया जाएगा।

 

इस बार सरकार सिर्फ मूल बजट ही नहीं, बल्कि आउटकम बजट, जेंडर बजट और बाल बजट भी पेश करने की तैयारी में है। पिछले साल 13 विभागों के लिए आउटकम बजट पेश किया गया था, लेकिन इस बार इसकी संख्या बढ़ सकती है। करीब 200 योजनाओं को इसमें शामिल किए जाने की संभावना है, जिन पर कुल बजट राशि का लगभग 60 प्रतिशत खर्च करने का प्रस्ताव हो सकता है। जेंडर बजट के तहत महिला केंद्रित योजनाओं में 33 प्रतिशत तक का प्रावधान किया जा सकता है। इसमें 17 विभागों की 25 से अधिक योजनाएं शामिल होने की उम्मीद है।

इन विभागों पर रहेगी खास नजर

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता, वन एवं पर्यावरण, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, खाद्य आपूर्ति और तकनीकी व उच्च शिक्षा विभागों के लिए अहम घोषणाएं हो सकती हैं।

बजट में हो सकती हैं बड़ी घोषणाएं
इस बार बजट में कई बड़ी योजनाओं की घोषणा संभव है।

चतरा में भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव आ सकता है।
सभी मेडिकल कॉलेजों में कैथ लैब और कैंसर जांच के लिए पेट स्कैन सेंटर खोलने की योजना सामने आ सकती है।
जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन और मेमोग्राफी सुविधा देने की तैयारी है।

रांची में 20 एमटी क्षमता का मिल्क पाउडर उत्पादन केंद्र और अत्याधुनिक लैब स्थापित करने का प्रस्ताव संभावित है।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी जोर
करीब 98 करोड़ रुपए की लागत से बटन तालाब परिसर में फिशरी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की योजना है। इसके अलावा राजधानी में ट्रैफिक सुधार के लिए करमटोली से साइंस सिटी, हरमू से डिबडीह और सहजानंद चौक से कांके रोड तक फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा भी हो सकती है।

तैयारियां पूरी, सबकी नजर बजट पर

सरकार की ओर से बजट को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि बजट में आम जनता, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए क्या खास सौगात मिलती है। अगर अनुमान सही साबित होते हैं, तो यह बजट आकार और योजनाओं के लिहाज से अब तक के बड़े बजटों में शामिल हो सकता है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उप विकास आयुक्त ने नागरिकों की समस्याएं एवं सुझावों को सुना, प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को किया गया निर्देशित