कालीमाटी एकादश को हराकर दलमा एकादश विजयी, डिमना एकादश ने सुवर्णरेखा को दी मात
जमशेदपुर। कीनन स्टेडियम में सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबलों में दलमा एकादश और डिमना एकादश ने अपने-अपने मैच जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। दिन के पहले मैच में कालीमाटी एकादश और दलमा एकादश के बीच भिड़ंत हुई। कालीमाटी एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 6 विकेट खोकर 101 रनों का स्कोर खड़ा किया। रत्नेश तिवारी ने 28 गेंदों पर 27 रन और रोहित सिंह ने 13 गेंदों पर आक्रामक 22 रन बनाए। दलमा की ओर से राकेश ने 26 रन देकर दो और अमित ने महज 10 रन देकर एक विकेट चटकाया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी दलमा एकादश ने 11.2 ओवरों में ही 3 विकेट के नुकसान पर 104 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। पंकज ने 22 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली, जबकि बुलंद इकबाल ने 19 गेंदों पर 21 रन बनाए। बुलंद इकबाल को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
रंजीत यादव के अर्धशतक से डिमना एकादश की जीत
दूसरे मुकाबले में डिमना एकादश ने सुवर्णरेखा एकादश को 28 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डिमना एकादश की पूरी टीम 10 ओवरों में 124 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। रंजीत यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों पर 55 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। सुवर्णरेखा एकादश के गेंदबाज बरुण ने दो विकेट लिए। 125 रनों के लक्ष्य के जवाब में सुवर्णरेखा एकादश की टीम निर्धारित 15 ओवरों में 9 विकेट खोकर 96 रन ही बना सकी। निसार अहमद ने 21 गेंदों पर 27 रनों का संघर्ष किया, लेकिन डिमना के विवेक (दो विकेट) की सटीक गेंदबाजी के आगे टीम लक्ष्य से दूर रह गई। शानदार अर्धशतक जड़ने वाले रंजीत यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया।
िवधायक संजीव सरदार, जेसीए के सचिव सौरभ तिवारी, उमा राव, समाजसेवी, सूरज बादानी, मानव केडिया, अध्यक्ष सिंहभूम चैंबर ऑफ़ कोमर्स, डॉ राजीव ठाकुर और कोच सतीश सिंह भी मौजूद थे।






