मानगो नगर निगम चुनाव : एनडीए की मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह का जनसंपर्क अभियान
संध्या ने यह प्रश्न उठाया : कि बन्ना दंपत्ति, जो कंपनी के समान सुविधाएं मानगो को प्रदान करने का दावा कर रहे हैं, पहले यह स्पष्ट करें कि उनके मंत्री कार्यकाल के दौरान मानगो को टाटा कंपनी से कितनी सुविधाएं प्राप्त हुई .
जब वे सरकार में मंत्री पद पर आसीन थे, तब उन्होंने कदमा क्षेत्र में अपने और अपने परिवार के लिए कंपनी क्वार्टर आवंटित करवाया. वहीं, मानगो की जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित रही.
मानगो। मानगो नगर निगम चुनाव के तहत एनडीए की मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह ने संकोशाई मेन रोड , कंचन विहार, श्याम नगर तथा दलमा इंक्लेव, चंद्रवती नगर (NH-33) क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने जनता से सीधा संवाद कर मानगो के समग्र विकास का संकल्प दोहराया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान, संध्या सिंह ने पूर्व मंत्री की पत्नी, सुधा गुप्ता के विकास के खोखले दावों पर प्रतिक्रिया देते
हुए कहा कि
—“आज सुधा गुप्ता मानगो को कंपनी क्षेत्र जैसी सुविधाएँ देने की बात कह रही हैं, जनता को उनसे सवाल करना चाहिए। जब उनकी सरकार थी और वे स्वयं मंत्री पद पर थे, तब मानगो के लिए उन्होंने क्या किया? यह सर्वविदित है कि मंत्री पद का दुरुपयोग कर उन्होंने अपने लिए टाटा स्टील के कंपनी कमांड एरिया में क्वार्टर अलॉट कराया, उसे आलीशान रूप से बनवाया गया और चारों ओर लगभग 12 फीट ऊँची दीवार खड़ी कराई गई।”
उन्होंने आगे कहा—“यह भी चर्चा का विषय रहा है कि जमशेदपुर के इतिहास में टाटा कंपनी से व्यक्तिगत सुविधाएँ लेने का रिकॉर्ड किसी और के पास नहीं, जितना कि बन्ना गुप्ता के नाम जुड़ा रहा है। लेकिन मानगो की आम जनता को उस दौर में न तो नियमित पानी मिला, न सड़क और न ही बुनियादी सुविधाएँ। अब नगर निगम चुनाव में मेयर बनने के लिए वही लोग जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे मानगो की जागरूक जनता समझ चुकी है।”
संध्या सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता मानगो में शुद्ध एवं नियमित पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना, चिकित्सा सुविधाओं को सशक्त बनाना, सड़कों का जाल बिछाना तथा रोड–नाली की संरचना को स्थायी रूप से ठीक करना उनके कार्यकाल के प्रमुख लक्ष्य होंगे।
उन्होंने कहा—
“मैं मानगो की बेटी हूँ, मानगो में ही रहती हूँ और यहाँ की जनसमस्याओं को भली-भांति समझती हूँ। इसलिए मेरे लिए यह केवल चुनाव नहीं, बल्कि अपने शहर और अपने लोगों के प्रति जिम्मेदारी है। मेरा उद्देश्य वादे नहीं, ज़मीनी स्तर पर काम कर मानगो को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त नगर बनाना है।”
अंत में उन्होंने मतदाताओं से कैमरा छाप चुनाव चिन्ह पर 10 नंबर में मतदान कर एनडीए को समर्थन देने की अपील की।






