प्रसेनजीत के हरफनमौला खेल से हुडको ने स्वर्णरेखा को 58 रनों से दी करारी शिकस्त,आनंद कुमार की ऑलराउंडर पारी से दोमुहानी ने दलमा XI को 9 विकेट से हराया
जमशेदपुर: कीनन स्टेडियम में बुधवार को खेले गए मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के मुकाबलों में हुडको और दोमुहानी की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में हुडको ने स्वर्णरेखा की टीम को 58 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के नायक प्रसेनजीत सिंह रहे, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन किया।
स्वर्णरेखा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हुडको की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 152 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
प्रसेनजीत सिंह ने मात्र 19 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 52 रनों की तूफानी पारी खेली।
स्वर्णरेखा की ओर से नवीन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 3 ओवरों में 25 रन देकर 3 विकेट झटके।
153 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्वर्णरेखा की टीम हुडको की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 15 ओवरों में 8 विकेट खोकर केवल 94 रन ही बना सकी।
टीम की ओर से शमशेर ने सर्वाधिक 28 गेंदों में 26 रन बनाए।
हुडको के लिए प्रसेनजीत सिंह ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 3 ओवरों में मात्र 12 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
प्रसेनजीत सिंह को उनके उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए टाटा स्टील कॉरपोरेट कम्युनिकेशन के हेड राजेश राजन द्वारा मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया गया।
दोमुहानी ने दलमा XI को 9 विकेट से रौंदा, आनंद बने मैन ऑफ द मैच
दिन के दूसरे मुकाबले में दोमुहानी की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए दलमा XI को 9 विकेट से पराजित किया।
दोमुहानी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। दलमा XI की टीम दोमुहानी के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और 15 ओवरों में 7 विकेट खोकर मात्र 84 रन ही बना सकी।
बुलंद ने 13 गेंदों में 18 रन और राजन ने 13 गेंदों में 12 रनों का योगदान दिया।
दोमुहानी की ओर से कुमार और आनंद कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए।
85 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दोमुहानी की टीम ने आक्रामक शुरुआत करते हुए मात्र 8.4 ओवरों में 1 विकेट खोकर 87 रन बना लिए।
सलामी बल्लेबाज शुभदर्शी ने 13 गेंदों में 30 रनों की तेज पारी खेली, जबकि आनंद कुमार ने 27 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले आनंद कुमार को जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की द्वारा मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया गया।






