गिरिडीह: करोड़ों रुपए के कथित घोटाले के एक आरोपी को तमिलनाडु सीआईडी की टीम ने गिरिडीह के जमुआ से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी गुलशन दराद जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज का रहने वाला है. तमिलनाडु सीआईडी की टीम ने मिर्जागंज स्थित उसके आवास पर छापेमारी कर हिरासत में लिया और ट्रांजिट रिमांड पर उसे साथ लेकर कोयंबटूर रवाना हो गई.
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गुलशन दराद और उसके 5–6 सहयोगी के खिलाफ कोयंबटूर में एक बड़े वित्तीय घोटाले का मामला दर्ज किया गया था. जो जानकारी मिली है उसके अनुसार गुलशन कोयंबटूर में एक टूरिज्म कंपनी चलाता था. जनवरी 2026 में उसके विरुद्ध कोयंबटूर में मामला दर्ज हुआ था. जिसके बाद से वह फरार चल रहा था.
इस मामले को लेकर तमिलनाडु पुलिस गुलशन की तलाश कर रही थी. इसी कड़ी में मंगलवार को तमिलनाडु सीआईडी की टीम गिरिडीह पहुंची. यहां के बाद टीम जमुआ पहुंची. तमिलनाडु सीआईडी ने जमुआ पुलिस को बताया कि गुलशन और उसके आधा दर्जन सहयोगियों के खिलाफ कृष्णागिरी में मामला दर्ज है. इसकी जानकारी गिरिडीह एसपी को भी दी गई.
जानकारी के बाद एसपी डॉ बिमल कुमार के निर्देश के बाद जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव की टीम कोयंबटूर पुलिस को लेकर गुलशन के घर पर पहुंची और यहीं से गुलशन को गिरफ्तार किया गया. इधर आरोपी के परिजनों के अनुसार गुलशन लंबे समय से पर्यटन व्यवसाय से जुड़ा है. उसे साजिश के तहत फंसाने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल सीआईडी पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल में जुटी हुई है.







