मीडिया कप क्रिकेट 2026 के तहत खेले गए मुकाबलों में दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला। पहले मैच में खरकाई की टीम ने स्वर्णरेखा को 9 विकेट से पराजित किया, जबकि दूसरे मैच में दोमुहानी ने जुबली को 8 रनों से शिकस्त देकर जीत दर्ज की।
रंधीर की विस्फोटक पारी से खरकाई की बड़ी जीत
पहले मुकाबले में स्वर्णरेखा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 101 रन बनाए। टीम की ओर से निसार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 रन बनाए, जिसमें 4 चौके शामिल थे। अन्य बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके।
खरकाई की ओर से ललित ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में मात्र 7 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और स्वर्णरेखा की रनगति पर अंकुश लगाया।
102 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी खरकाई की टीम की शुरुआत मजबूत रही। सलामी बल्लेबाज रंधीर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 12.3 ओवरों में ही टीम को जीत दिला दी। खरकाई ने 105 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया।
रंधीर ने 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 2 गगनचुंबी छक्के और 4 चौके शामिल थे। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। यह पुरस्कार टाटा स्टील खेल विभाग के चीफ मुकुल विनायक चौधरी ने प्रदान किया।
रोमांचक मुकाबले में दोमुहानी ने जुबली को 8 रन से दी शिकस्त
दिन के दूसरे मुकाबले में दोमुहानी की टीम ने जुबली को कड़े संघर्ष में 8 रनों से हराया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी जुबली की टीम दोमुहानी के बल्लेबाजों को रोकने में असफल रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए दोमुहानी ने निर्धारित 15 ओवरों में 139 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
टीम की ओर से आनंद कुमार ने कप्तानी पारी खेलते हुए 53 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। वहीं आशुतोष ने 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से तेजतर्रार 28 रन जोड़े।
135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जुबली की टीम ने भी जोरदार शुरुआत की। कुवंर हेंब्रम ने 57 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था। नीरज ने 42 रनों (5 चौके, 1 छक्का) का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हालांकि अंतिम ओवरों में दोमुहानी के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की, जिसके चलते जुबली की टीम 15 ओवर में 131 रन ही बना सकी और लक्ष्य से 8 रन पीछे रह गई।
मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले आनंद कुमार को टाटा स्टील खेल विभाग के हेड मनीष सिन्हा ने ‘मैन ऑफ द मैच’ पुरस्कार प्रदान किया।
संक्षिप्त स्कोर
मैच 1:
स्वर्णरेखा – 101 रन (15 ओवर)
खरकाई – 105/1 (12.3 ओवर)
मैन ऑफ द मैच: रंधीर (61 रन)
परिणाम: खरकाई 9 विकेट से विजयी
मैच 2:
दोमुहानी – 139 रन (15 ओवर)
जुबली – 131 रन (15 ओवर)
मैन ऑफ द मैच: आनंद कुमार (53 रन व 1 विकेट)
परिणाम: दोमुहानी 8 रन से विजयी







